Type Here to Get Search Results !

*🔴👉सतपुड़ा की गोद से निकली इंद्रावती का सर्वे, जल संरक्षण की बनेगी कार्ययोजना*......*🔴👉कभी बारहमासी बहती थी इंद्रावती, अब पुनर्जीवन की तैयारी में जुटीं समितियां*


नर्मदापुरम/सिवनीमालवा।मां नर्मदा की सहायक नदी इंद्रावती के संरक्षण एवं पुनर्जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जन अभियान परिषद सिवनी मालवा विकासखंड की नवांकुर संस्था जीवनदायनी समाज सेवा समिति गाजनपुर एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति झाड़वीड़ा द्वारा नदी के उद्गम स्थल से लेकर बराखड़ खुर्द तक विस्तृत सर्वे एवं निरीक्षण किया गया।सर्वे दल ने सतपुड़ा पर्वत की गोद में स्थित बूढ़ी माई जंगल के झिरी खो क्षेत्र में मौजूद इंद्रावती नदी के उद्गम स्थल से यात्रा प्रारंभ की। इसके बाद साधु बाबा,तेलादेव बाबा, राजल ढाणा (सुल्तानपुर), पतलई ढाना, नयापुरा, झाड़वीड़ा एवं नाहरकोला कलां होते हुए सेक्टर क्रमांक-1 के अंतर्गत आने वाले बराखड़ खुर्द तक नदी की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान नदी तट पर स्थित तैलायी बाबा, साधु बाबा एवं मेलघाट बाबा जैसे आस्था केंद्रों के भी दर्शन किए गए। सर्वे दल ने नदी के जल स्रोतों, प्रवाह क्षेत्र, आसपास के प्राकृतिक संसाधनों एवं पर्यावरणीय स्थिति का बारीकी से अध्ययन किया।
*👉कभी बारहमासी थी इंद्रावती, अब केवल बारिश में बहता है पानी*
स्थानीय ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इंद्रावती नदी पूर्व में पूरे वर्ष जल प्रवाहित करती थी, लेकिन वर्तमान में यह केवल वर्षा ऋतु तक ही सीमित रह गई है। नदी के घटते जलस्तर और बदलती स्थिति को देखते हुए समिति द्वारा यह सर्वे किया गया, ताकि इसके संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जा सके।
*👉वृक्षारोपण और जल संरक्षण पर होगा विशेष कार्य*
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मां नर्मदा की सहायक नदियों की वर्तमान स्थिति का अध्ययन कर उनके संरक्षण के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। नदी तटों पर वृक्षारोपण, जल संरक्षण, जनजागरूकता और प्राकृतिक जल स्रोतों के संवर्धन जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। सर्वे के बाद अब विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर धरातल पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।सर्वे दल का नेतृत्व जीवनदायनी समाज सेवा समिति गाजनपुर के अध्यक्ष सुनील सिंगोरिया ने किया। टीम में संयुक्त सचिव काजल रघुवंशी, परामर्शदाता सेवनदास लौवंशी,रेवाशंकर सोलंकी, तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति झाड़वीड़ा के अध्यक्ष कालूराम प्रजापति एवं सचिव प्रेमनारायण राजपूत सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.