नर्मदापुरम/सिवनीमालवा। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर रविवार को तहसील कार्यालय के सामने यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया, तीन पहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। यातायात पुलिस ने हेलमेट,सीट बेल्ट, वाहन दस्तावेज एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जांच करते हुए नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की।यातायात प्रभारी बलराम सिरसाम के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 16 चालान बनाए गए, जिनसे 5 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। कार्रवाई में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 129/ 194 (डी) के तहत बिना हेलमेट या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहन चालकों पर 4,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं सीट बेल्ट नहीं लगाने पर धारा 138/194 के तहत 1 वाहन चालक पर 500 रुपये का समन शुल्क लगाया गया।यातायात प्रभारी बलराम सिरसाम ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी जा रही है।उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रभावशाली लोगों के फोन भी आते हैं, लेकिन यातायात पुलिस नियमों के पालन में किसी प्रकार की रियायत नहीं देती। कानून सभी के लिए समान है और नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी चेकिंग अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही, जबकि नियमों का पालन करने वाले नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
*🔴👉 पुलिस ने की चालानी कार्रवाई, 16 वाहन चालकों पर जुर्माना*....... *🔴👉तहसील कार्यालय के सामने चला सघन वाहन चेकिंग अभियान, 5 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला*
June 14, 2026
0
