नर्मदापुरम/सिवनीमालवा।तहसील कार्यालय में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध जताया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए और एसडीएम विजय राय के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि तहसील कार्यालय में पदस्थ कुछ कर्मचारियों द्वारा प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी की जा रही है। कई मामलों में समय पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाती, जिससे पक्षकारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं ने यह भी बताया कि बिना उचित प्रक्रिया के प्रकरणों को निरस्त करने और आदेश पारित करने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि भूमि संबंधी मामलों में रिकॉर्ड संधारण और ऑनलाइन प्रविष्टियों में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इससे राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ आम नागरिकों और अधिवक्ताओं को आर्थिक एवं मानसिक परेशानी उठानी पड़ रही है।अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में बिना जांच के ही आदेश पारित किए जा रहे हैं, वहीं कई प्रकरणों में आवश्यक दस्तावेज होने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही। इसके अलावा नामांतरण, बंटवारा और अन्य राजस्व मामलों में भी पारदर्शिता की कमी बताई गई।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली में सुधार लाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा।अंत में अधिवक्ता संघ ने उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आम जनता को न्याय मिल सके।
