नर्मदापुरम/ कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने अनुविभाग इटारसी अंतर्गत केसला तहसील का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गेहूं उपार्जन केंद्रों, जनपद पंचायत कार्यालय एवं सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों पर चल रही खरीदी व्यवस्था, किसानों को उपलब्ध सुविधाओं तथा समुचित प्रबंधन का अवलोकन किया। साथ ही जनपद पंचायत में संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यालय के निर्माण एवं परिसर का भ्रमण कर अन्य तकनीकी पक्षों का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर एसडीएम निलेश शर्मा, जनपद पंचायत सीईओ केसला श्रीमती सुमन खातरकर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने केसला अंतर्गत अग्रसेन एवं मीना वेयरहाउस में स्थापित गेहूं उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं खरीदी प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, गेहूं की गुणवत्ता तथा किसानों को दी जा रही सेवाओं का विस्तार से अवलोकन किया।कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रत्येक केंद्र पर पहुंचकर गेहूं के सैंपल की जांच की और केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि एफएक्यू (FAQ) गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल शासन द्वारा निर्धारित उपार्जन नीति के अनुरूप ही गेहूं की खरीदी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्र पर आने वाले स्कंध की सर्वे के माध्यम से जांच अनिवार्य रूप से की जाए तथा यदि उसमें मिट्टी या अन्य फॉरेन मटेरियल पाया जाए तो उसे आवश्यकतानुसार साफ कराया जाए। कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जिन किसानों के स्लॉट जिस दिन बुक होते हैं, उनके स्कंध की तुलाई उसी दिन की जाए और किसी भी किसान का स्कंध 24 घंटे से अधिक बिना तुलाई के लंबित न रहे। केंद्र पर पहुंचे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने किसानों को ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट लगाने एवं ट्रॉली पर रेडियम टेप लगाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि यह सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है, जिससे रात्रि के समय दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
*👉जनपद पंचायत केसला का निरीक्षण , योजनाओं की प्रगति की समीक्षा*
कलेक्टर श्री मिश्रा ने जनपद पंचायत केसला पहुंचकर कार्यालय के प्रत्येक खंड का निरीक्षण करते हुए शासकीय कार्यों एवं गतिविधियों का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न प्रभागों का अवलोकन कर संचालित योजनाओं की प्रगति तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती सुमन खातरकर को निर्देशित किया कि मनरेगा के अंतर्गत निर्धारित नए लक्ष्यों के अनुरूप कार्य किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन पंचायतों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं हुई है, उनमें संबंधितों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं। कलेक्टर ने साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने, साथ ही टॉप एवं बॉटम पांच पंचायतों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्ष के अंत तक निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए और बिल भुगतान की प्रक्रिया भी समय पर पूर्ण की जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को फील्ड में सक्रियता बढ़ाने एवं स्थल पर पहुंचकर कार्यों का स्वयं निरीक्षण करने को कहा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने यह भी निर्देशित किया कि वर्तमान ग्रेडिंग माह में प्राप्त सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का तत्परता एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
*👉राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश*
कलेक्टर श्री मिश्रा ने तहसील कार्यालय केसला (टप्पा) का निरीक्षण कर राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट रूप से समय सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 2 वर्ष से अधिक समय से लंबित सभी राजस्व प्रकरण आगामी दो सप्ताह के भीतर निराकृत किए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि 6 माह से अधिक अवधि के कोई भी प्रकरण लंबित न रहें। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विभिन्न राजस्व प्रकरणों की जांच करते हुए सीमांकन संबंधी मामलों पर विशेष जोर दिया। आगामी माह से समस्त कार्यवाही तहसील कार्यालय केसला (टप्पा) से ही संचालित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आगामी सप्ताह से प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन तहसील कार्यालय में ही किया जाए तथा इसकी सूचना सभी ग्राम पंचायतों एवं संबंधित क्षेत्रों में व्यापक रूप से प्रसारित की जाए।
*👉बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि*
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सांदीपनि विद्यालय सुखतवा के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने परिसर के प्रत्येक खंड का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने पीआईयू विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे विद्यालय परिसर का एक विस्तृत मानचित्र (नक्शा) तैयार कराया जाए। उन्होंने कहा कि जो कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें अन्य कार्यों के साथ समानांतर गति से पूर्ण किया जाए। उन्होंने परिसर में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि हैंडओवर से पूर्व संपूर्ण परिसर में रंग-रोगन एवं साफ-सफाई के सभी कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने प्रत्येक तल पर आरओ वाटर कूलर की स्थापना, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम विकसित करने तथा जल प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने शौचालयों का निरीक्षण करते हुए पर्याप्त संख्या में एग्जॉस्ट सिस्टम लगाए जाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने भवन परिसर में आवश्यक सुधार एवं सृजनात्मक कार्यों के सुझाव देते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
