Type Here to Get Search Results !

*🔥सिवनीमालवा में विकास की बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ₹106.34 करोड़ के 96 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन किया*

नर्मदापुरम /सिवनीमालवा।प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को सिवनी मालवा में आयोजित भव्य कार्यक्रम में क्षेत्र को विकास की ऐतिहासिक सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल ₹106.34 करोड़ की लागत से 96 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें ₹48.65 करोड़ के 45 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा ₹57.69 करोड़ के 51 नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।लोकार्पित कार्यों में एसएच-15 मार्ग पर बाबड़िया, भाऊ फरीदपुर और अमलाड़ाकला में पुल निर्माण, हटवास-सोलापुर रोड से हरियाली कॉलोनी तक सड़क निर्माण, कजीया खेड़ी से बाचावानी तक सीसी सड़क, बांद्रा बांध में पिचिंग कार्य तथा पांजरा कला और बालागंज में निर्माण कार्य प्रमुख रहे। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

*👉शिक्षा, खेल और जल योजनाओं पर फोकस*

मुख्यमंत्री ने पीएम श्री विद्यालयों में खेल मैदानों के निर्माण, विभिन्न स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, जनजातीय छात्रावास, पंचायत भवन एवं ग्रामीण नलजल योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही सांडिया, हिरनखेड़ा, इकलानी व बीकोर सहित कई स्थानों पर स्कूल भवन, लैब और अन्य अधोसंरचना कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

*👉ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक विकास*

माखननगर सोहागपुर और केसला जनपद के अनेक ग्रामों में मंगल भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा विद्युत उपकेंद्र, सड़कों, तालाब सौंदर्यीकरण और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।

*👉भव्य स्वागत और रोड शो*

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम-हरदा मार्ग स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे फूलों से सजे रथ में सवार होकर स्तंभ चौक, नर्मदा मंदिर चौक, नगर पालिका कार्यालय से होते हुए बस स्टैंड तक पहुंचे। जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।कृषि उपज मंडी में आयोजित आमसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के उन्नयन से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे किसानों को उपज परिवहन में सुविधा और व्यापार को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने नारी शक्ति से जुड़े कानूनों और योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को हर स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। साथ ही लाड़ली बहना योजना को महिलाओं के सशक्ति करण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिलाएं एवं आमजन उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.