सिवनीमालवा।खाद की कमी से जूझ रहे किसानों का आक्रोश गुरुवार को बानापुरा कृषि उपज मंडी में फूट पड़ा। किसानों ने आरोप लगाया कि टोकन वितरण में अनियमितता बरती जा रही है और अचानक प्रक्रिया रोक दी गई। विरोध स्वरूप नाराज किसान सीधे कृषि विभाग कार्यालय पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।बुधवार को नगर में खाद का रैक आने के बाद गुरुवार सुबह से ही किसान मंडी में टोकन लेने के लिए कतारों में खड़े हो गए थे। कुछ किसानों को टोकन मिलने के बाद अचानक वितरण बंद कर दिया गया, जिससे नाराज किसानों ने विभाग का घेराव कर दिया।स्थिति बिगड़ने पर थाना प्रभारी राजेश दुबे, कृषि विस्तार अधिकारी संजय पाठक और डिप्टी कलेक्टर जय सोलंकी मौके पर पहुंचे। किसानों ने आरोप लगाया कि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है और कुछ किसानों को ही प्राथमिकता दी जा रही है।करीब एक घंटे चली तीखी बहस के बाद अधिकारियों ने समाधान निकालते हुए निर्णय लिया कि कृषि विभाग परिसर में सभी किसानों को लाइन लगवाकर क्रमवार टोकन दिए जाएंगे।थाना प्रभारी राजेश दुबे ने कहा कि किसानों को खाद की उपलब्धता और कमी की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया है तथा आश्वस्त किया गया कि किसी भी किसान को वंचित नहीं रखा जाएगा। इसके बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त किया और विभाग परिसर में व्यवस्थित रूप से टोकन वितरण शुरू हुआ।
*🔴खाद की कमी पर किसानों का आक्रोश, कृषि विभाग कार्यालय का घेराव*
September 11, 2025
0
