नर्मदापुरम। जिले के पुलिस कप्तान साई कृष्णा एस थोटा के दिशा निर्देशन में एवं एएसपी अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में एसडीओपी जितेंद्र पाठक के कुशल नेतृत्व में कोतवाली टी आई गौरव सिंह बुंदेला और उनकी टीम ने विगत दिनों
रिवर व्यू पॉश कॉलोनी के सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग ₹11 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने बताया कि 08 जुलाई को फरियादी कपिल शर्मा निवासी रिवर व्यू कॉलोनी ने अपने सूने घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी । पुलिस ने मामले में रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 647/2026 अंतर्गत धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। भौतिक साक्ष्यों तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर फरियादी के कार चालक वाजिद गुफरान सिद्दीकी से कड़ाई से पूछताछ की गई। बैंक खातों एवं अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।पूछताछ में उसने बताया कि चोरी किए गए 7 कंप्यूटर सिस्टम एवं 5 लैपटॉप अपने परिचित आफताब खान, निवासी खजराना (इंदौर) को बेच दिए थे, जबकि शेष 4 कंप्यूटर सिस्टम, 4 लैपटॉप, विदेशी कंपनी राडो की किमती घड़ी,एलईडी टीवी, आरओ, इलेक्ट्रिक केतली, ट्रिमर सहित अन्य सामान अपने घर में छिपाकर रखा था।पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ₹11 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया। आरोपी वाजिद गुफरान सिद्दीकी, निवासी जहांगीराबाद, भोपाल (वर्तमान पता: अग्निहोत्री कॉलोनी, नर्मदापुरम) आफताब खान, निवासी खजराना, इंदौर को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में सउनि संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, आरक्षक - पंकेश बघेला, अविनाशी हारोडे, अजमेश चंद्रोल,हरीश डिगरसे, भिक्कू यादव तथा साइबर सेल के आरक्षक दीपेश सोलंकी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।इस चोरी के अतिरिक्त जिले के स्टेशन रोड पिपरिया थाने के अपराध क्रमांक 234/ 26 धारा 303(2)BNS में अज्ञात लड़की द्वारा धक्का मार कर कंधे पर टंगे बैग के जेब से ₹5500/- चोरी करने की घटना में आरोपिया नैना पिता जगदीश पारधी उम्र 19 साल निवासी जमनी टोला थाना सोहागपुर को गिरफ्तार करने में भी पुलिस को सफलता मिली है।
