नर्मदापुरम/ कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार नर्मदापुरम - पिपरिया हाईवे को जोड़ने वाले जिले के महत्वपूर्ण तवा ब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के कारण किसी भी संभावित अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए ब्रिज पर भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्णतः प्रतिबंध लागू किया गया है। कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में प्रशासन द्वारा इस प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तवा ब्रिज का स्थलीय निरीक्षण कर ब्रिज के दोनों ओर हाइट गेज बैरियर स्थापित किए जाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भारी वाहनों का प्रवेश प्रभावी रूप से रोका जा सके। साथ ही उन्होंने राजस्व विभाग को ब्रिज पर लगाए गए प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने तथा लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं।कलेक्टर के निर्देशों के पालन में राजस्व अमले द्वारा तवा ब्रिज के दोनों ओर शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। तैनात कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि कोई भी भारी वाहन ब्रिज से होकर न गुजर सके। इसके अतिरिक्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार द्वारा भी समय-समय पर मौके का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों एवं परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे तवा ब्रिज पर लागू प्रतिबंध का पालन करें तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना से बचा जा सके।
*🟣👉तवा ब्रिज पर भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती, राजस्व अमला कर रहा 24 घंटे निगरानी*
July 02, 2026
0
