नर्मदापुरम। जिले के पुलिस कप्तान साई कृष्णा एस थोटा के दिशा निर्देशन में एवं एएसपी अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में इटारसी एस डीओपी वीरेन्द्र मिश्रा के कुशल नेतृत्व में पथरौटा थाना प्रभारी मोनिका गौर और उनकी टीम ने एक युवक की हत्या के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। तत्संबंध में पुलिस कप्तान साई कृष्णा एस थोटा ने बताया पथरोटा थाना क्षेत्र में हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 26 मई 2026 की रात फोरलेन ब्रिज पर जन्मदिन पार्टी के दौरान तेज आवाज में ढोल बजाने को लेकर विवाद हुआ था।जानकारी के अनुसार पांडुखेड़ी निवासी सुनील उइके ने देर रात ढोल की आवाज का विरोध किया, जिस पर आरोपी शान मेहता और उसके साथियों का सुनील से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने सुनील उइके के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की नीयत से ब्रिज से नीचे फेंक दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल सुनील उइके की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चार आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में शान मेहता, राहुल महालहा, दीपक मेहरा तथा राहुल उर्फ चुन्नी शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। उक्त कार्रवाई में पथरौटा थाना प्रभारी उनि मोनिका गौर, सउनि दुर्गेश मालवीय, प्रआर दिनेश उईके, प्रआर दिपक जनोरिया,प्रआर अशोक मीना आर.हरीश पवार, आर. धीरज राठौर, आर. संदीप धुर्वे आदि का सराहनीय योगदान रहा है।
