नर्मदापुरम /सिवनीमालवा।बानापूरा गल्ला मंडी में गेहूं की बोली के दौरान दो व्यापारी गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दिनदहाड़े हुई मारपीट से मंडी परिसर में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए बोली प्रक्रिया भी प्रभावित हुई।पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार गांधी चौक निवासी संजय अग्रवाल उर्फ संजू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने भाई सचिन अग्रवाल के साथ मंडी में गेहूं की खरीद कर रहे थे। इसी दौरान बोली लगाने को लेकर व्यापारी नवीन राठौर और नितिन राठौर से विवाद हो गया।संजय अग्रवाल का आरोप है कि विवाद के दौरान नवीन और नितिन राठौर ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। बीच- बचाव करने आए भाई सचिन अग्रवाल को धक्का देकर ट्रॉली से टकरा दिया, जिससे उनके कंधे में चोट आई। वहीं संजय अग्रवाल भी धक्का लगने से गिर पड़े और उनके पैर में चोट आई। मारपीट के दौरान उनका चश्मा भी टूट गया। आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।दूसरी ओर नवीन एवं नितिन राठौर ने भी संजय और सचिन , स्वास्तिक , गोलू पर मारपीट एवं धमकी देने के आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर प्रकरण दर्ज कर लिया है।घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा -तफरी का माहौल बन गया। किसान हम्माल और अन्य व्यापारी दूर खड़े होकर घटनाक्रम देखते रहे। मंडी के व्यापारियों का कहना है कि बोली के दौरान रेट को लेकर विवाद होते रहते हैं, लेकिन इस बार मामला हाथापाई तक पहुंच गया।थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं तथा मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जाएंगे। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*🟢👉बनापुरा गल्ला मंडी में गेहूं की बोली पर दो व्यापारी गुटों में मारपीट*.......*🟢👉पुलिस ने दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज किया*
June 24, 2026
0
