नर्मदापुरम्। जिले के पुलिस कप्तान साई कृष्णा एस थोटा के दिशा निर्देशन में पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत संचालित ‘उड़ान’ पहल का 50 दिवसीय ग्रीष्मकालीन समर कैंप रक्षित केंद्र नर्मदापुरम में संपन्न हुआ। पुलिस कप्तान साई कृष्णा के मार्गदर्शन में प्रारंभ की गई यह पहल पुलिस परिवार एवं पारधी समुदाय के बच्चों को शिक्षा,खेल और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से समाज से जोड़ने का सार्थक प्रयास साबित हुई । 20 जून को रक्षित केन्द्र में आयोजित समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप पुलिस महानिरीक्षक सामुदायिक पुलिसिंग विनीत कपूर,विशिष्ट अतिथि उप पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम रेंज वीरेंद्र कुमार सिंह एवं पुलिस कप्तान साई कृष्णा एस थोटा उपस्थित रहे। लगभग 1:30 घंटे चले इस कार्यक्रम में बच्चों ने सामूहिक नृत्य, एकल नृत्य, नाटक, कराटे प्रदर्शन, पेंटिंग एवं इनडोर-आउटडोर खेलों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की सबसे प्रेरणादायक झलकी तब दिखी जब पारधी समुदाय के बच्चों ने अंग्रेजी में अपना परिचय देकर आत्मविश्वास का परिचय दिया और समर कैंप के अनुभव साझा किए। उप पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए ‘उड़ान’ को बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए अभिनव एवं लाभकारी पहल बताया। उन्होंने इसे आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही। उप पुलिस महानिरीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह ने इसे सराहनीय प्रयास बताते हुए इसकी प्रशंसा की।पुलिस कप्तान साई कृष्णा ने शिविर के संचालन, क्रियान्वयन और पारधी समुदाय के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। एएसपी अभिषेक राजन द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा और इसमें कराई जाने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया । विगत 05 मई से प्रारंभ इस समर कैंप में थाना सिवनीमालवा क्षेत्र के ग्राम कोटला खेड़ी एवं सिवनीमालवा में निवासरत पारधी समुदाय के 25 बच्चों सहित पुलिस परिवार के कुल 110 बच्चों ने भाग लिया। शिविर की विशेषताएं अंग्रेजी संवाद, चित्रकला, नृत्य, व्यक्तित्व विकास के साथ कराटे, फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन एवं एथलेटिक्स जैसी पर्तिस्पर्धा में बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही। समर कैंप की गतिविधियों से बच्चों के सामाजिक दायरे का विस्तार हुआ एवं आत्मविश्वास बढ़ा है। समर कैंप के दौरान बच्चों में सीखने की रुचि, नियमितता, अनुशासन, टीम भावना देखने को मिले। समापन कार्यक्रम के अंत में प्रस्तुति देने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया । पुलिस का मानना है कि ‘उड़ान’ केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, विश्वास निर्माण और समुदाय सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है जो आने वाले समय में बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में स्थायी सकारात्मक बदलाव लाएगी। इस अवसर पर एसडीओपी जितेंद्र पाठक,रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल, सुबेदार सूरज जमरा, सुबेदार ईशान रिछारिया सहित रक्षित केंद्र का बल उपस्थित रहा।
*🔴👉पुलिस कप्तान की पहल "उड़ान" ने पारधी समुदाय के बच्चों में बढाया आत्मविश्वास*......*🔴👉रक्षित केन्द्र में संचालित 50 दिवसीय समर कैंप का समापन*
June 20, 2026
0
