Type Here to Get Search Results !

*🟢👉चौतलाय के पास तेज रफ्तार पिकअप का कहर, महिला की मौत, पति गंभीर*

नर्मदापुरम/सिवनीमालवा।सोमवार शाम ग्राम चौतलाय के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क पर जमकर कहर बरपा दिया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार नर्मदापुरम निवासी राजेश अपनी पत्नी साधना के साथ ग्राम भांगिया में आयोजित शादी समारोह से बाइक पर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक बेकाबू पिकअप ने पहले सड़क पर चल रहे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर का पहिया निकलकर दूर जा गिरा। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सीधे दंपति की बाइक से जा भिड़ी।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सिवनी मालवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर बृजेश राजपूत ने जांच के बाद साधना को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेश के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक अत्यधिक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
*👉लगातार हादसों से ग्रामीणों में आक्रोश*
चौतलाय-भांगिया मार्ग पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने प्रशासन से मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने, चेतावनी संकेत लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.