Type Here to Get Search Results !

*🟢👉गेहूं खरीदी में अव्यवस्था से नाराज किसानों ने किया चक्का जाम*....*🟢👉कहारिया के पास नर्मदापुरम -हरदा मार्ग डेढ़ घंटे रहा बाधित,अफसरों के आश्वासन पर खुला जाम*


नर्मदापुरम /सिवनीमालवा।गेहूं खरीदी केंद्रों पर लगातार हो रही देरी और अव्यवस्थाओं से परेशान किसानों का गुस्सा सोमवार रात फूट पड़ा। ग्राम कहारिया के पास किसानों ने नर्मदापुरम-हरदा मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आड़ी-तिरछी खड़ी कर चक्का जाम कर दिया। इससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।किसानों ने बताया कि रविवार को भी खरीदी नहीं होने पर उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान अधिकारियों ने सोमवार से व्यवस्था सुधारने और तुलाई शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन सोमवार को भी स्थिति नहीं बदली। दिनभर खरीदी केंद्र पर इंतजार करने के बाद रात में किसानों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।किसानों का कहना था कि वे कई दिनों से अपनी उपज लेकर खरीदी केंद्रों पर खड़े हैं, लेकिन न तो समय पर तुलाई हो रही है और न ही कोई अधिकारी उनकी समस्याएं सुन रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी सभी ट्रॉलियां खाली नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।बताया जा रहा है कि चक्का जाम रात करीब 8 बजे शुरू हुआ और लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान किसान सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते रहे और खरीदी केंद्रों की अव्यवस्थाओं के खिलाफ जमकर विरोध जताया।सूचना मिलने पर रात करीब 9 बजे प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को जल्द खरीदी व्यवस्था सुचारू कराने और ट्रॉलियां खाली करवाने का भरोसा दिया। आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने सड़क से ट्रैक्टर- ट्रॉलियां हटाईं, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
*👉किसानों की बढ़ती परेशानी*
प्रदेश में इन दिनों गेहूं खरीदी का कार्य जारी है, लेकिन कई खरीदी केंद्रों पर तुलाई में देरी, पर्याप्त संसाधनों की कमी और अव्यवस्था की शिकायतें सामने आ रही हैं। सिवनी मालवा का यह मामला किसानों की बढ़ती नाराजगी और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल खोलता नजर आ रहा है। किसानों ने मांग की है कि खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि उन्हें समय पर फसल का उचित मूल्य मिल सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.