नर्मदापुरम/ कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बुधवार को पिपरिया एवं बनखेड़ी क्षेत्र का सघन दौरा कर तहसील कार्यालय, कृषि उपज मंडी के उपार्जन केंद्रों तथा निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण, उपार्जन व्यवस्था को सुचारु बनाने एवं विद्यालय निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, एसडीएम पिपरिया श्री आकिप खान, तहसीलदार पिपरिया श्री वैभव बैरागी, तहसीलदार बनखेड़ी श्रीमती अंजू लोधी सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बुधवार को पिपरिया एवं बनखेड़ी क्षेत्र का सघन दौरा कर राजस्व मामलों के निराकरण कोर्ट संचालन सहित अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिए।कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तहसील कार्यालय बनखेड़ी का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसीलदार बनखेड़ी को निर्देशित किया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त सभी प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी प्रकरण समय-सीमा के बाहर न जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई प्रकरण समय-सीमा से बाहर पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध जुर्माना अधिरोपित करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने नामांतरण एवं बंटवारा जैसे राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए कम से कम समय-सीमा के भीतर आवेदकों को समाधान उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय में उपस्थित आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानीं तथा कार्यालय में मिल रहे सहयोग के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए तहसील कार्यालय परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में उपयुक्त स्थान चिन्हित कर सार्वजनिक प्याऊ स्थापित करने के लिए भी कहा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने तहसीलदार कोर्ट का निरीक्षण करते हुए निर्देशित किया कि रीडर आईडी पर कोई भी प्रकरण लंबित न रखा जाए तथा नियमित रूप से न्यायालय का संचालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर का संवेदनशील पक्ष भी देखने को मिला। उन्होंने तहसील परिसर में बैठे एक छोटे बच्चे को देखकर स्नेहवश अपना वाहन रुकवाया और उसे चॉकलेट दी।कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने सांदीपनि विद्यालय बनखेड़ी एवं पिपरिया का निरीक्षण कर निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने दोनों विद्यालयों के प्रत्येक खंड का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बनखेड़ी स्थित सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के नक्शे का अवलोकन किया तथा निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ईई पीआईयू को संबंधित निर्माण एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए तथा बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य किए जाएं।
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में खेल मैदान के विकास हेतु आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पीआईयू अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय परिसर के चारों ओर अनिवार्य रूप से बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए तथा सीमांकन कर कॉलम तैयार किए जाएं, जिससे भविष्य में अतिक्रमण की संभावना न रहे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग अथवा अन्य सक्षम विभाग के इंजीनियरों से पूरे परिसर का निरीक्षण कराया जाए तथा श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बनाई गई पेंटिंग्स की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं पृथ्वी के प्राकृतिक संतुलन में वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने एवं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया तथा स्नेहपूर्वक टॉफियां भी वितरित कीं।पिपरिया स्थित सांदीपनि विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्माणाधीन समस्त कार्य आगामी 15 जून तक पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के सभी खंडों में कार्य समानांतर रूप से संचालित किया जाए तथा श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाई जाए। निर्माण कार्य की धीमी गति पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में खेल मैदान, पौधारोपण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कवर्ड कैंपस, अग्निशमन यंत्र सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित अधोसंरचना के साथ विद्यालय तैयार किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
*👉उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण*
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कृषि उपज मंडी बनखेड़ी में संचालित गेहूं एवं चना उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों पर उपलब्ध स्कंद की एफएक्यू गुणवत्ता की जांच कराई तथा निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत पर संबंधित उपार्जन समिति द्वारा तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने केंद्रों पर उपस्थित किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया।स्लॉट बुकिंग में आ रही तकनीकी समस्या के समाधान हेतु कलेक्टर ने एसडी ओ एग्रीकल्चर को निर्देशित किया कि जिला एनआईसी से समन्वय स्थापित कर समस्या का शीघ्र निराकरण कराया जाए। उन्होंने हमालों एवं कांटों (तौल मशीनों) की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए, ताकि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि वे साफ एवं एफएक्यू गुणवत्ता वाले स्कंद ही उपार्जन केंद्रों पर लाएं, जिससे शीघ्रता से खरीदी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने छोटे रकबे वाले शेष किसानों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।मंडी में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने हेतु कलेक्टर ने मंडी सचिव को मंडी रेट बनाए रखने, आवारा पशुओं की समस्या के निराकरण के लिए दो शिफ्टों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने तथा तुलाई के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी कार्य यथासंभव छायादार स्थान पर किया जाए तथा किसानों के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने साइलो प्लांट बनखेड़ी का भी दौरा किया। उन्होंने प्लांट में गुणवत्ता जांच के लिए उपयोग की जा रही मशीनों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा प्लांट प्रबंधक को निर्देशित किया कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
