नर्मदापुरम/दिव्यांगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उन्हें पूरा लाभ मिले। कोई भी दिव्यांग शासन द्वारा संचालित योजनाओं व सुविधाओं से वंचित ना रहे। यह निर्देश कलेक्टर नर्मदापुरम नीरज कुमार सिंह ने उप संचालक सामाजिक न्याय को दिए हैं।कलेक्टर श्री सिंह ने गुरुवार सुबह शहर के दिव्यांग पुनर्वास केंद्र पहुंचकर यहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुनर्वास केंद्र के अधिकारियों कर्मचारियों को दिव्यांगो के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने केंद्र के स्टाफ से उनके कार्यों की जानकारी भी ली।उन्होंने केंद्र व परिसर के गार्डन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा गार्डन में बंद पड़े फाउंटेन को शीघ्र चालू कराने के लिए नगरपालिका को निर्देशित किया गया।कलेक्टर श्री सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर उनके पदीय दायित्वों की समीक्षा की।उन्होंने उपसंचालक सामाजिक न्याय को निर्देश दिए कि दिव्यांग केंद्र के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र की जाए ताकि केंद्र का सुव्यवस्थित ढंग से संचालन हो सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक 15 दिन के अंतराल में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के संचालन के संबंध में बैठक का भी आयोजन किया जाए।इस दौरान सीएमएचओ डॉ दिनेश देहलवार, उप संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती प्रमिला वाईकर सहित दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का किया निरीक्षण,अधिकारियों को दिव्यांगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के दिए निर्देश
August 18, 2022
0