नर्मदापुरम/सिवनीमालवा। क्षेत्र में प्रसिद्ध भिलट देव मेला भले ही अब समाप्त हो चुका है। लेकिन मेले के नाम पर अवैध वसूली का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा। जानकारी के अनुसार कुछ लोग कथित गिरोह बनाकर मेला खत्म होने के बाद भी श्रद्धालुओं से पार्किंग के नाम पर अवैध शुल्क वसूल रहे हैं।स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों का कहना है कि मेला समाप्त होने के बाद भी जबरन पैसे वसूले जा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कई जगहों पर विरोध करने पर विवाद की स्थिति भी बन रही है।
इस संबंध में मेला प्रभारी विपिन तिवारी ने बताया कि उनकी ओर से संबंधित लोगों को मौखिक रूप से निर्देश दिए गए हैं कि किसी प्रकार की वसूली न की जाए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में भीड़ अधिक होने और पहले चोरी की घटनाएं सामने आने के कारण पुलिस विभाग द्वारा कुछ व्यवस्था बनाई गई थी, ताकि सुरक्षा बनी रहे।इसके बावजूद श्रद्धालुओं का कहना है कि व्यवस्था के नाम पर अवैध वसूली किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में स्पष्ट व्यवस्था लागू की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
