Type Here to Get Search Results !

*🟢👉रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026: यात्रियों की कहानियों को मिलेगा सम्मान*

नर्मदापुरम। भारतीय रेल केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि करोड़ों यात्रियों के अनुभवों, स्मृतियों और भावनाओं से जुड़ी एक जीवंत यात्रा है। इन्हीं अनुभवों को अभिव्यक्ति देने तथा उनके माध्यम से रेल सेवाओं को और अधिक यात्री-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह योजना अखिल भारतीय स्तर पर संचालित है और हिंदी भाषा में सृजनात्मक लेखन को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।इस योजना के अंतर्गत प्रतिभागियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार ₹10,000, द्वितीय पुरस्कार ₹8,000 तथा तृतीय पुरस्कार ₹6,000 निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त, पाँच प्रतिभागियों को ₹4,000 प्रत्येक के प्रेरणा पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में देश का कोई भी नागरिक भाग ले सकता है।प्रतिभागियों को अपने रेल यात्रा से जुड़े अनुभवों को हिंदी भाषा में मौलिक रूप से प्रस्तुत करना होगा। लेखन की शब्द सीमा न्यूनतम 3000 और अधिकतम 3500 शब्द निर्धारित की गई है। लेख डबल स्पेस में टंकित होना चाहिए तथा प्रत्येक पृष्ठ पर चारों ओर कम से कम एक इंच का मार्जिन रखा जाना आवश्यक है। सभी पृष्ठ क्रमांकित होने चाहिए। साथ ही, प्रविष्टि के साथ एक पृथक पृष्ठ पर शीर्षक “रेल यात्रा वृत्तांत –2026” अंकित करते हुए लेखक द्वारा दिया गया उपशीर्षक, नाम (हिंदी एवं अंग्रेजी में), पदनाम, आयु, कार्यालय एवं निवास का पता, मातृभाषा, रेलवे फोन नंबर, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी तथा कुल शब्दों की संख्या स्पष्ट रूप से दर्शानी होगी।प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियां सीधे रेलवे बोर्ड को भी प्रेषित कर सकते हैं। प्रविष्टि भेजने का पता है -सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या–316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली–110002। इस योजना में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।भारतीय रेल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से इस योजना में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह करती है। आपके अनुभव आपकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.