Type Here to Get Search Results !

*🟣👉डिप्‍टी कलेक्‍टर एवं दल ने किया नशा मुक्ति केन्‍द्रों का निरीक्षण*

नर्मदापुरम/  कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता कोरी द्वारा जिले में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इटारसी स्थित नशा मुक्ति केंद्र में 125 व्यक्ति नशामुक्ति के लिए भर्ती पाए गए।उल्लेखनीय है कि गत दिवस कलेक्टर द्वारा आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक में नशा मुक्ति केंद्रों के नियमित निरीक्षण एवं नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को सम्मिलित करते हुए एक समर्पित टीम गठित करने के निर्देश दिए गए थे।उक्त निर्देशों के अनुपालन में डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता कोरी के नेतृत्व में गठित टीम ने नर्मदापुरम स्थित नशा मुक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां 15 व्यक्ति भर्ती पाए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार भर्ती व्यक्तियों में से लगभग 75 प्रतिशत से अधिक लोग शराब की लत से मुक्ति पाने के लिए केंद्र में उपचार ले रहे हैं, जबकि शेष अन्य नशीले पदार्थों की लत छोड़ने के लिए भर्ती हैं। यह भी बताया गया कि केंद्रों में नर्मदापुरम सहित बैतूल और छिंदवाड़ा जिले के व्यक्ति भी उपचाररत हैं। इस दौरान टीम द्वारा नशा मुक्ति केंद्रों की व्यवस्था, उपचार सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाने हेतु निर्देशित किया गया।निरीक्षण के दौरान एसडीओ पुलिस  जितेन्द्र पाठक, तहसीलदार श्रीमती सरिता मालवीय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरसिंह गहलोत, डॉ. कुलदीप, एनजीओ से निहारिका एवं उनकी टीम उपस्थित रही।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.