समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी से खुश हैं किसान, किसानों ने कृषि मंत्री का माना आभार
नर्मदापुरम/किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने आज जिले के सिवनीमालवा में ग्राम हरपालपुर के वेयर हाउस खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां मूंग तुलाई का भी बारीकी से अवलोकन लिया। कृषि मंत्री श्री पटेल ने केंद्र पर उपज बेचने आए किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी भी ली। किसानों ने खुशी जाहिर करते हुए कृषि मंत्री को बताया कि सभी व्यवस्थाएं बहुत अच्छी है। किसानों ने समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी के लिए कृषि मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। कृषक जितेंद्र चौहान ने समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदी एवं किसान हितैषी नीतियों के लिए लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं कृषि मंत्री कमल पटेल के प्रति आभार प्रकट किया।उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की किसान हितेषी नीतियों से किसानों की आर्थिक स्थिति में बहुत सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि पूर्व में ग्रीष्मकालीन मूंग मात्र 5000 से 5500 हजार रुपए तक बिक रही थी। जिससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा था। सरकार द्वारा 7275 रुपए समर्थन मूल्य पर मूंग खरीदने से किसानों को अतिरिक्त लाभ प्राप्त हो रहा है, जिससे किसान बहुत खुश हैं। कृषक श्री चौहान ने बताया कि मूंग फसल के लिए नहरों में पर्याप्त पानी देना हो या फसल बीमा क्लेम की राशि, किसानों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं।
कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा है कि 7275 रुपए के समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदने से किसान भाई बहुत खुश हैं। जिससे उन्हें लगभग 2000 रुपए क्विंटल का अतिरिक्त लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय दोगुना करने का संकल्प को प्रदेश सरकार पूरा कर रही हैं। ग्रीष्मकालीन मूंग के अतिरिक्त चना, मसूर एवं सरसों की भी समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित की गई है। किसानों को उनकी मेहनत का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है।ग्राम हरपालपुर के निरीक्षण के बाद कृषि मंत्री श्री पटेल सिवनी मालवा के ग्राम गडरिया पहुंचे। उन्होंने यहां आधुनिक कृषि तकनीकों के जरिए खेती कर रहे किसानों की मिर्ची एवं सोयाबीन की फसल का भी अवलोकन किया एवं उनसे रूबरू चर्चा भी की।