Type Here to Get Search Results !

*🟣👉 रेशम केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण ,रेशम की रीलिंग से बुनाई तक की प्रक्रिया का किया अवलोकन*

नर्मदापुरम।कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने  मालाखेड़ी स्थित रेशम केंद्र के निरीक्षण के दौरान रेशम बनने की प्रक्रिया का विस्तार पूर्वक अवलोकन किया। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि नवीन कृषकों को भी रेशम उत्पादन प्रक्रिया से जोड़ा जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रेशम बनाने की प्रक्रिया, रीलिंग, रेशम बुनाई के पूर्व ट्विस्टिंग, मलबरी, मूगा, इरी और तसर रेशम के प्रोडक्शन इत्यादि के बारे में जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश एवं सुझाव दिए।कलेक्टर श्री मिश्रा ने सुझाव देते हुए कहा कि रेशम केंद्र को आम लोगों के अवलोकन हेतु भी तैयार करें तथा स्व सहायता समूह से समन्वय कर गाइड प्रक्रिया के माध्यम से पूरे रेशम केंद्र का भ्रमण करवाए जाने की कार्य योजना तैयार की जा सकती है। साथ ही परिसर में सेल्फी प्वाइंट आदि भी डेवलप कर आने वाले लोगो के लिए रेशम केंद्र को रुचिकर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के माध्यम से रेशम परिसर में फुटफॉल भी बढ़ेगा तथा रेशम उत्पाद के विक्रय में भी वृद्धि होगी।कलेक्टर ने रेशम केंद्र में स्थित धागे से कपड़ा बनाने की इकाई का भी अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र पर रेशम से निर्मित होने वाली विभिन्न डिजाइन के कपड़ो, साड़ियों आदि का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं रेशम कार्य में संलग्न कर्मचारियों से चर्चा की एवं उनसे आमतौर पर रेशम से साड़ी एवं अन्य वस्त्रों के निर्माण की प्रक्रिया, उनमें लगने वाले समय आदि के संबंध में चर्चा की। कपड़ा निर्माण इकाई में संलग्न कर्मचारियों द्वारा बताया गया कि शासन द्वारा उक्त कार्य के लिए उन्हें ट्रेनिंग प्रदान की गई थी जिसके आधार पर वह रेशम केंद्र में साड़ी निर्माण आदि कार्यों को कर रहे हैं। कर्मचारियों ने बताया कि अलग अलग डिज़ाइन की साड़ियों को बनने में हफ्तों से लेकर महीनो का समय लग जाता है। इस दौरान कलेक्टर ने रेशम केंद्र स्थित प्राकृत शोरुम का भी निरीक्षण किया। जिला रेशम अधिकारी ने बताया कि जिले में रेशम उत्पादन का कार्य सोहागपुर, गूजरवाडा, सुखतवा बनखेड़ी, डोकरीखेड़ा, पनारी, पिपरिया व राजलढाना में मुख्य रूप से किया जाता है। जिला रेशम अधिकारी  ने प्राकृत शोरूम द्वारा वस्त्र विक्रय की जानकारी के संबध में भी कलेक्टर को अवगत कराया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.